बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी को मिला राष्ट्रीय सम्मान,पावरलाइन ट्रांसटेक इंडिया अवार्ड्स 2025 में दो श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (बीएसपीटीसीएल) ने बिजली संचरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पावरलाइन ट्रांसटेक इंडिया अवार्ड्स 2025 में दो प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किए। नई दिल्ली के द्वारका स्थित यशोभूमि इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर (IICC) में आयोजित भव्य समारोह में कंपनी को यह सम्मान प्रदान किया गया।
कंपनी को ये पुरस्कार पिछले तीन वर्षों में पूर्वी क्षेत्र में सबसे अधिक 2,018 सर्किट किलोमीटर संचरण लाइन विस्तार तथा सबसे अधिक 5,260 एमवीए ट्रांसफॉर्मेशन कैपेसिटी वृद्धि हासिल करने के लिए दिया गया है। इस उपलब्धि ने बिहार के बिजली ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बढ़त दर्ज की है।
बीएसपीटीसीएल के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार (भा.प्र.से.) ने सम्मान मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा—”यह पुरस्कार हमारी टीम की मेहनत और तकनीकी उत्कृष्टता का परिणाम है। हमारा लक्ष्य है कि बिहार के हर हिस्से तक गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो। आने वाले समय में हम और बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
पावरलाइन ट्रांसटेक इंडिया अवार्ड्स बिजली संचरण क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कंपनियों को सम्मानित करने के लिए दिए जाते हैं। विजेताओं का चयन CEA, PFC एवं विभिन्न राज्य उपयोगिताओं द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के आधार पर किया गया। विद्युत मंत्रालय द्वारा समर्थित इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में इस वर्ष 2,500 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बीएसपीटीसीएल की यह उपलब्धि बिहार के ऊर्जा ढांचे को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। पूर्वी क्षेत्र में दोनों प्रमुख श्रेणियों में शीर्ष स्थान प्राप्त करना इस बात का संकेत है कि राज्य बिजली ट्रांसमिशन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि वह पूरे बिहार में बेहतर विद्युत आपूर्ति और मजबूत ट्रांसमिशन नेटवर्क के लिए लगातार काम करती रहेगी।