कैमूर: चैनपुर में बीजेपी छोड़ राजद से नामांकन, बृज किशोर बिंद ने ठोंकी ताल

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर

बड़ी राजनीतिक खबर कैमूर से है। पूर्व में 12 वर्षों तक विधायक और मंत्री रहने वाले बृज किशोर बिंद ने इस बार बीजेपी छोड़कर राजद के साथ चैनपुर विधानसभा सीट से नामांकन किया।
बृज किशोर बिंद की इस दावेदारी ने चुनावी मैदान में गर्मी बढ़ा दी है। उनके सामने इस बार जदयू से जमा खान, जो 2020 में बसपा के टिकट पर बृज किशोर बिंद को हराकर विधायक बने थे, और अब अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री के पद पर हैं, सीधे मुकाबले में हैं। वहीं, बसपा से प्रत्याशी धीरज सिंह उर्फ भान जी भी जीत के लिए दावेदारी पेश कर रहे हैं।
बृज किशोर बिंद ने कहा कि महागठबंधन इस बार मिलकर काम कर रहा है। उन्होंने आगे कहा, “अभी नामांकन हुआ है, नामांकन वापस भी लिया जाएगा। हमारी लड़ाई किसी से नहीं है, सब आपस में ही लड़ते रह जाएंगे। हमारी पार्टी – राष्ट्रीय जनता दल और जनता के साथ – यहाँ से जीतकर पटना जाएगी।”
धीरज सिंह उर्फ भान जी ने कहा कि “चैनपुर में हमारी ही एकछत्र लड़ाई होगी और बसपा इस बार स्पष्ट बहुमत के साथ चुनाव जीत रही है।”
चैनपुर विधानसभा के मतदाता अब 11 नवंबर को फैसला करेंगे कि इस बार जीत का ताज किसके सिर सजने वाला है।