न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
न्यायालय परिसर में बम विस्फोट से संबंधित प्राप्त सूचना को लेकर फैली अफरा-तफरी के बीच पुलिस प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि जांच के बाद यह सूचना पूरी तरह झूठी और भ्रामक पाई गई है। वर्तमान में न्यायालय परिसर पूरी तरह सुरक्षित है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 9 फरवरी 2026 को न्यायालय परिसर में बम विस्फोट से संबंधित एक सूचना/संदेश प्राप्त हुआ था। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देश पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया।
निर्देश के क्रम में बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वॉड) एवं अन्य संबंधित सुरक्षा एजेंसियों द्वारा न्यायालय परिसर की सघन, विस्तृत और पूर्ण जांच की गई। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु, विस्फोटक सामग्री अथवा अन्य आपत्तिजनक वस्तु की बरामदगी नहीं हुई।
जांचोपरांत यह स्पष्ट हुआ कि प्राप्त सूचना पूरी तरह झूठी एवं भ्रामक थी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों द्वारा परिसर को क्लियरेंस दिए जाने के पश्चात न्यायालय की नियमित न्यायिक एवं प्रशासनिक कार्यवाही पुनः प्रारंभ कर दी गई।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि झूठी और भ्रामक सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं।
न्यायालय परिसर में बम विस्फोट की सूचना झूठी, पुलिस का दावा-जांच के बाद स्थिति पूरी तरह सुरक्षित


























