मकर संक्रांति पर कार्यकर्ता मिलन सह दही–चूड़ा भोज से दिखी संगठन की एकजुटता
न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
भाजपा कार्यालय में बुधवार को विकसित भारत जी राम जी विधेयक 2025 को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रख्यात नेता पूर्व प्रदेश मंत्री सरोज झा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार ऋषिदेव ने की। कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों की बड़ी भागीदारी रही।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व प्रदेश मंत्री सरोज झा ने कहा कि विकसित भारत जी राम जी विधेयक 2025 देश को सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि यह विधेयक आत्मनिर्भर भारत, सशक्त समाज और सांस्कृतिक गौरव की अवधारणा को मजबूती प्रदान करेगा। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से विधेयक की भावना को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष नरेंद्र कुमार ऋषिदेव ने कहा कि भाजपा संगठन राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं और ऐसे कार्यक्रम संगठन को और अधिक मजबूत करते हैं।
जिला प्रभारी अनुरंजन झा ने कार्यकर्ताओं से जनसेवा के कार्यो में सक्रिय रहने की अपील की।
कार्यशाला के बाद मकर संक्रांति के पावन अवसर पर “कार्यकर्ता मिलन सह दही–चूड़ा भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता एक साथ बैठे और पारंपरिक दही–चूड़ा का आनंद लिया। यह आयोजन सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और संगठनात्मक एकता का जीवंत उदाहरण बना।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि मकर संक्रांति बिहार की समृद्ध लोक-संस्कृति, परंपरा और सामूहिकता का प्रतीक पर्व है, जो समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और सहयोग की भावना को मजबूत करता है। भाजपा सदैव भारतीय परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण व संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध रही है।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा परिवार की ओर से समस्त जिलेवासियों को मकर संक्रांति पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं तथा सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष नागेंद्र नारायण ठाकुर, विजय शंकर चौधरी, रणधीर ठाकुर, संतोष प्रधान, कुणाल ठाकुर, अनंत कुमार भारती, नगर परिषद अध्यक्ष राघवेंद्र झा राघव, बलराम कामत , सुरेंद्र नारायण पाठक, दिलीप सिंह, मनोज पाठक,विमलेन्दु ठाकुर, अशोक शर्मा, प्रदीप सिंह, श्याम पोदार, सीमा कुशवाहा, अर्चना मेहता, सहित भाजपा के अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
































