न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
बिहपुर विधानसभा क्षेत्र) से एनडीए समर्थित प्रत्याशी कुमार शैलेन्द्र ने अपनी छवि खराब किए जाने की शिकायत मुख्य चुनाव आयुक्त, बिहार प्रदेश से की है। उन्होंने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि चुनाव के व्यस्त समय में विपक्षी प्रत्याशी द्वारा सुनियोजित तरीके से उनके खिलाफ अफवाहें फैलाई जा रही हैं और सोशल मीडिया पर गलत आरोप लगाकर उनकी छवि को धूमिल करने की कोशिश हो रही है।
कुमार शैलेन्द्र ने अपने पत्र में लिखा है कि वे जनता के बीच चुनाव प्रचार में व्यस्त रहते हैं और सकारात्मक जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। लेकिन विपक्षी उम्मीदवार अवनीश कुमार और उनके परिवार द्वारा लगातार उन्हें और उनके समर्थकों को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि 29 अक्टूबर 2025 की शाम करीब 4 बजे विपक्षी प्रत्याशी के गांव में हुई एक घटना को तोड़-मरोड़ कर उनके खिलाफ फैलाया जा रहा है।
शैलेन्द्र के अनुसार, विपक्षी प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने सड़क पर गाड़ियों का जाम लगाकर उनकी गाड़ी को घेर लिया और महिलाओं के साथ भी दुर्व्यवहार किया। बाद में इस पूरे घटनाक्रम को सोशल मीडिया पर गलत ढंग से पेश कर उन्हें “अभद्र व्यवहार” करने वाला बताकर बदनाम किया गया।
कुमार शैलेन्द्र ने यह भी कहा कि ऐसी हरकतें चुनावी माहौल को बिगाड़ने और मतदाताओं को गुमराह करने की साजिश का हिस्सा हैं।


उन्होंने चुनाव आयोग से आग्रह किया है कि अवनीश कुमार, पवन चौधरी सहित अन्य प्रत्याशियों के परिवार व समर्थकों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए और जनसंपर्क अभियानों के दौरान सभी प्रत्याशियों को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी तरह की गलतफहमी या अफवाह न फैले।
उन्होंने अपने पत्र के अंत में लिखा है कि वे निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव में विश्वास रखते हैं और आयोग से उम्मीद करते हैं कि ऐसे मामलों पर तुरंत कार्रवाई होगी, जिससे चुनावी माहौल शांत और पारदर्शी बना रहे।


































