- न्यायालय परिसर के बाहर से कर्मी की बाइक चोरी, पुलिस जांच में जुटी
- चालान पूछने गए थे, बाइक ही चालान होकर उड़ गई!
न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
भागलपुर के एक स्थानीय अखबार की प्रोडक्शन यूनिट में अटेंडर के पद पर कार्यरत विवेक कुमार की बाइक चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। घटना भागलपुर व्यवहार न्यायालय के तीन नंबर गेट के पास की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विवेक कुमार अपनी बाइक न्यायालय परिसर के तीन नंबर गेट के समीप खड़ी कर लोक अदालत में एक मामले की जानकारी लेने गए थे। लोक अदालत में जब उन्होंने अपनी ही बाइक के चालान से संबंधित जानकारी प्राप्त की और कुछ समय बाद बाहर लौटे, तो मौके से उनकी बाइक गायब थी। काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का कोई सुराग नहीं मिला।



इसके बाद पीड़ित ने तत्काल तिलकामांझी थाना अध्यक्ष को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से आवश्यक पूछताछ की। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी जानकारी ली और घटना की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित विवेक कुमार ने बताया कि न्यायालय परिसर जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान से दिनदहाड़े बाइक चोरी हो जाना चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द बाइक बरामद करने और चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जाने की बात कही जा रही है।


































