बाइक सवार अपराधियों ने नकदी व मोबाइल लूटे, पुलिस छानबीन में जुटी

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल /छातापुर,

जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के डहरिया पंचायत स्थित रानीपट्टी नहर मार्ग पर दिनदहाड़े बाइक सवार अपराधियों ने छिनतई की घटना को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत फैला दी। जहां सहरसा जिले के बनगांव थाना क्षेत्र निवासी एवं मधेपुरा बिजली कार्यालय में असिस्टेंट इंजीनियर पद पर कार्यरत मनोहर कुमार से नकदी व मोबाइल लूटकर अपराधी फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार बाइक से बलुआ बाजार जा रहे थे। इसी दौरान अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे छातापुर पेट्रोल पंप से पहले बिना नंबर प्लेट की अपाची बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवकों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। जिनमें से दो युवकों ने गला दबाकर हथियार सटाया और एक मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड तथा 1050 रुपये नकद छीन लिए। घटना के बाद पीड़ित ने छातापुर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि रानीपट्टी नहर मार्ग सुनसान रहने के कारण अपराधी यहां वारदात को अंजाम देते हैं। वहीं पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस बाबत थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि पीड़ित के बताए निशानदेही पर पुलिस अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।