मारपीट, जानलेवा हमला और छेड़खानी के मामले में नामजद आरोपी गिरफ्तार

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, बिहपुर

स्थानीय थाना पुलिस ने मारपीट, जानलेवा हमला और छेड़खानी जैसे गंभीर आरोपों वाले एक फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नुरूद्दीनपुर दुधैला निवासी राजेश मंडल के रूप में हुई है, जो कांड संख्या 521/22 में लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध पीड़ित पक्ष ने मारपीट, जानलेवा हमला करने और छेड़खानी जैसी गंभीर शिकायतें दर्ज कराई थीं। मामले में पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी। बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसके घर के पास छापेमारी कर उसे धर दबोचा।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का आवश्यक मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे न्यायिक हिरासत में न्यायालय पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में संतोष देखा जा रहा है, वहीं पीड़ित पक्ष ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है ताकि घटना से जुड़ी सभी परिस्थितियाँ स्पष्ट हो सकें।