Big Breaking: बिहार की सबसे बड़ी सौर ऊर्जा परियोजना को अगस्त के अंत तक आंशिक रूप से शुरू करने की तैयारी

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, लखीसराय (कजरा)

बिहार की महत्वाकांक्षी सौर ऊर्जा परियोजना को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) और बिहार स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड (BSPGCL) के प्रबंध निदेशक महेंद्र कुमार ने आज लखीसराय जिले के कजरा स्थित निर्माणाधीन सौर ऊर्जा परियोजना का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान महेंद्र कुमार ने कहा कि यह परियोजना राज्य के ऊर्जा क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और समयसीमा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया और कहा कि परियोजना को अगस्त के अंत तक आंशिक रूप से कमीशन कर देना है।

देश की सबसे बड़ी सोलर-बैटरी परियोजनाओं में से एक

यह परियोजना 301 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन और 495 मेगावाट-घंटा बैटरी ऊर्जा संग्रहण क्षमता के साथ बिहार की पहली और देश की सबसे बड़ी सौर ऊर्जा-बैटरी आधारित परियोजनाओं में शामिल है। इसे दो चरणों में पूरा किया जा रहा है।

इस दौरे के दौरान निदेशक (तकनीकी) ए. के. सिंह, मुख्य अभियंता दिलीप कुमार, मुख्य अभियंता (सिविल) मनमोहन कुमार, भागलपुर महाप्रबंधक सत्यनारायण, सहित SBPDCL और BSPGCL के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।