कैमूर: बिहार में नई सरकार बनने के साथ ही पुलिस का अपराधियों पर शिकंजा

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर

बिहार में नई सरकार के गठन के बाद से पुलिस सक्रिय हो गई है और अपराधियों पर नकेल कसने का अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में डीहा गाँव में जमीन के नापी के दौरान फायरिंग करने वाले अपराधी शैलेश उर्फ पीयूष पांडेय को पुलिस ने गिरफ्तार कर एक पिस्टल और तीन खोखा बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, शैलेश चैनपुर इलाके में अपना दबदबा कायम करना चाहता था। घटना की शिकायत पीड़ित अमर नाथ पांडेय ने चैनपुर थाना में दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने बताया कि जमीन के नापी के दौरान शैलेश ने फायरिंग कर लोगों में दहशत फैला दी।
घटना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शैलेश को पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में भभुआ डीएसपी मनोरंजन भारती ने बताया कि शैलेश ने नापी के दौरान जानबूझकर फायरिंग की और उसके पास से एक पिस्टल और तीन खोखा बरामद हुए हैं। शैलेश उर्फ पीयूष पांडेय पहले भी बिहार-यूपी बॉर्डर के महादैच क्षेत्र में शराब के नशे में पकड़े गए आरोपी को जबरन छोड़ाने का प्रयास कर चुका है, जिस पर उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डीएसपी ने कहा कि शैलेश चैनपुर में अपना प्रभाव बढ़ाना चाहता था, लेकिन पुलिस की तत्परता के कारण उसे मौके पर ही धर दबोचा गया और गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।