छातापुर, सुपौल। प्रखंड क्षेत्र के मध्य भाग में प्रवाहित सुरसर नदी में चार करोड़ की लागत से किया गया चैनेलाइजेशन कार्य के गुणवत्ता की पोल खोल कर रख दिया है।ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो माह पूर्व नदी के बीचों बीच चैनल निर्माण कार्य पूरा किया गया था। वर्तमान स्थिति है कि नदी में जल प्रवाह में मामूली बढोतरी में ही चैनल जगह जगह से दरकने लगा है, झखाडगढ पंचायत स्थित शिवनी घाट से दक्षिण चैनल टूट गया है, वहीं नदी का पानी बाहर फैल रहा है, जिससे चुन्नी पंचायत वार्ड संख्या एक तथा झखाडगढ वार्ड स 11 के बीच चैनल में कई जगह कटाव होने से वहां भी टूटने की संभावना प्रबल है, जिसके कारण स्थानीय ग्रामीण एक बार फिर से चिंतित नजर आ रहे हैं।
बताया जाता है कि सुरसर नदी में नवनिर्मित चैनल में कई बिंदुओं पर टूटने का खतरा मंडरा रहा है। मालूम हो कि बीते 20 जनवरी को सीएम नीतीश कुमार प्रगति यात्रा पर सुपौल पहुंचे थे, जिनके द्वारा सुरसर नदी में चैनेलाइजेशन कार्य का शिलान्यास किया गया था। 19 जुलाई को जिलाधिकारी सावन कुमार ने झखाडगढ, महम्मदगंज स्थित सुरसर नदी के कई बिंदु पर पहुंच कर चैनेलाइजेशन कार्य का जायजा लिया था। डीएम के द्वारा मौके पर मौजूद विभागीय अभियंताओं को आवश्यक निर्देश दिए गए थे।

वहीं झखाडगढ के उपमुखिया बिनोद कुमार सिंह, बिंदेश्वरी सिंह, वरूण सिंह, राजेश सादा, दिनेश मंडल, शिवनारायण सिंह आदि ने बताया कि चैनेलाइजेशन कार्य में अनियमिता के कारण शिवनी घाट से दक्षिण चैनल टूट गया। चैनल टूटने के बाद नदी का बहाव बाहर निकलकर अपने पुराने स्थान पर चला गया, नतीजतन मुख्य तटबंध पर तथा नदी किनारे की बस्ती के लोग एकबार फिर से भयभीत होने लगे हैं। चुन्नी वार्ड संख्या एक एवं झखाडगढ वार्ड 11 के ग्रामीण पिंटू सरदार, गया प्रसाद सरदार, योगेंद्र सरदार, बद्री सरदार, किशुनदेव सरदार, सुनील कुमार, संजन कुमार, आकाश कुमार, शंकर कुमार, अजय कुमार, विजय कुमार, विक्की कुमार. संजन कुमार ने बताया कि नदी में जल प्रवाह में मामुली बढोतरी हुई और नवनिर्मित चैनल कई बिंदुओं पर टूटने की कगार पर है, प्राक्कलन के विरुद्ध हो रहे कार्य की संवेदक से शिकायत की गई थी, संवेदक ने कहा था कि टेंशन मत लिजिए, पांच वर्ष तक मेंटनेंस की जिम्मेदारी उनकी है।
पूछने पर बीडीओ डा राकेश गुप्ता ने बताया कि शिकायत के आलोक में स्थलीय जायजा लिया गया है।, जल निस्सरन विभाग कार्य प्रमंडल राघोपुर के कार्यपालक अभियंता को स्थिती से अवगत कराया गया। कार्यपालक अभियंता ने बताया कि विभागीय अभियंताओं की टीम गुरुवार को स्थल पर पहुंचेगी।
































