न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
बिहार पुलिस के साथ संयुक्त नाका ड्यूटी के दौरान एसएसबी 45वीं बटालियन की सीमा चौकी सतना ने 84.6 लीटर नेपाली शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बिहार पुलिस थाना बीरपुर के साथ भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 150 मीटर भारत की ओर की गई।
45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि सीमा चौकी सतना के जिम्मेदारी क्षेत्र में सीमा स्तंभ संख्या 203/1 के पास मादक पदार्थ की तस्करी होने की संभावना है। इसके बाद एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त नाका पार्टी गठित की गई।
करीब सुबह 5:10 बजे नाका पार्टी ने देखा कि दो व्यक्ति अपने सिर पर बोरी लेकर नेपाल से भारत की तरफ गुप्त रास्ते से आ रहे हैं। नाका पार्टी ने तत्परता दिखाते हुए एक व्यक्ति को सामान के साथ पकड़ लिया, जबकि दूसरा व्यक्ति बोरी फेंककर नेपाल की ओर भाग निकला।
तलाशी में बोरी से कुल 84.6 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद जब्त शराब और पकड़े गए व्यक्ति को थाना बीरपुर को सौंप दिया गया।
इस कार्रवाई में एसएसबी के सहायक उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह धामी, अन्य जवान, और बिहार पुलिस के उपनिरीक्षक मुक्तिनाथ यादव सहित अन्य बलकर्मी मौजूद थे।


























