सावन में श्रद्धा का सैलाब : बाबा भीमशंकर मंदिर में 70 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

न्यूज स्कैन ब्यूरो, राघोपुर, (सुपौल)

श्रावण मास की तीसरी सोमवारी पर राघोपुर थाना क्षेत्र के गणपतगंज स्थित बाबा भीमशंकर महादेव मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोलेनाथ के दर्शन व जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। मंदिर प्रांगण से लेकर आसपास के रास्ते तक हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष गूंजते रहे।


भोर में ही खुला बाबा का पट, श्रद्धालुओं की लगी लंबी कतार

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने अहले सुबह ही बाबा का पट खोल दिया। कांवड़ लेकर आए श्रद्धालुओं ने गंगा और कोसी का पवित्र जल बाबा पर अर्पित किया। मंदिर प्रशासन के अनुसार इस दिन 70 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।


गंगा-कोसी जल लेकर पहुंचे भक्त, डीजे पर झूमते हुए किया दर्शन

महादेवपुर घाट, कोसी महासेतु और कोसी बराज से जल लेकर श्रद्धालु बाबा के दरबार पहुंचे। डीजे की धुन पर झूमते श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और पूरे वातावरण को भक्ति-भाव से भर दिया।


सुरक्षा में खामी, महिला पुलिस बल नहीं, मैजिस्ट्रेट भी नदारद

भारी भीड़ के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में कई कमियां उजागर हुईं। महिला श्रद्धालुओं को खास दिक्कतों का सामना करना पड़ा क्योंकि मौके पर महिला पुलिस बल की तैनाती नहीं थी। वहीं मंदिर परिसर में तीसरी सोमवारी पर भी कोई मैजिस्ट्रेट ड्यूटी पर नजर नहीं आए। थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने कहा –”महिला फोर्स की अनुपलब्धता के कारण तैनाती नहीं हो सकी।”


भारी जाम से श्रद्धालु परेशान, पैदल चलने तक की जगह नहीं

एनएच 106 और राघोपुर टोला होते हुए मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों पर घंटों लंबा जाम लगा रहा। श्रद्धालुओं को मंदिर पहुंचने के लिए दो किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ा। कई वाहन बीच रास्ते में ही फंसे रहे।


बाबा भीमशंकर हर मनोकामना पूर्ण करते हैं

स्थानीय लोगों के अनुसार यह मंदिर लोक आस्था का प्रतीक है। मान्यता है कि सच्चे मन से यहां पूजा करने वालों की हर मनोकामना पूर्ण होती है। सावन के हर सोमवारी को हजारों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं।