न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
कारगिल विजय दिवस की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार देर शाम भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के द्वारा गांधी मैदान दुर्गा मंदिर, सुपौल से मशाल यात्रा निकाली गई। मशाल यात्रा का नेतृत्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष जयंत मिश्रा ने किया।
यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गांधी मैदान दुर्गा मंदिर पर समाप्त हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा झंडा, भाजपा का झंडा, और मशालें लेकर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” जैसे राष्ट्रभक्ति नारों से पूरा शहर गूंजा दिया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव ने कहा कि —”कारगिल युद्ध के दौरान जब आतंकवादी गोलियां बरसा रहे थे, तब हमारे जवान सीना तान कर लड़ रहे थे। उनकी वीरता और शहादत की गूंज पीढ़ियों तक सुनाई देगी।”
भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह ने कहा कि —”26 जुलाई भारत के इतिहास का वह गौरवशाली दिन है जब हमारी सेना ने दुश्मन को उसकी घुसपैठ का करारा जवाब दिया था।”
भाजपा जिला कोषाध्यक्ष पवन अग्रवाल ने कहा कि इस युद्ध में हजारों पाकिस्तानी सैनिक मारे गए थे। आज का दिन हमारे शहीदों की वीरता का प्रतीक है।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष जयंत मिश्र ने अपने संबोधन में कहा —”यह आज़ादी हमें शहीदों के खून से मिली है। हम यहां कोई जश्न मनाने नहीं, बल्कि वीरों के बलिदान को याद करने और युवाओं में देशभक्ति की भावना जगाने एकत्रित हुए हैं।”
मशाल यात्रा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल प्रमुख लोगों में महेश देव, सुमन चंद, प्रवीण कुमार झा, सुरेश सुमन, राहुल झा, विमलेंदु ठाकुर, विशाल मिश्रा, मनीष कुशवाहा, राजेश मल्लिक, मनोज चौधरी, हरिशंकर कुमार, एमडी अब्दुल्ला, हिमांशु कुमार, धीरेंद्र झा, रोहित, कार्तिक, प्रियांशु, अंशुमन कुमार समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।