न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
सदर अनुमंडल के पिपरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का मंगलवार को जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। डीएम ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सीएचसी के एमओआईसी अनुपस्थित पाए गए। इस पर डीएम ने गहरी नाराजगी जाहिर की और कहा कि एमओआईसी कहां गए हैं, इसकी जांच की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें हटाया भी जा सकता है।
अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर डीएम ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था देखने वाले संबंधित एनजीओ के कर्मियों को मौके पर बुलाकर फटकार लगाई। डीएम ने कहा कि साफ-सफाई से संबंधित पूरी जांच की जाएगी। डीपीएम हेल्थ व जिला स्तर की टीम पिछले माह किए गए भुगतान की जांच करेगी, और सेवा की गुणवत्ता के आधार पर बिल भुगतान में कटौती की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल के कई वार्डों का दौरा किया और वहां मौजूद कर्मियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


























