न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
यात्री सुविधाओं की बदहाली को लेकर युवा कांग्रेस ने गढ़ बरूआरी रेलवे स्टेशन परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में यह विरोध-प्रदर्शन किया गया, जिसमें रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
इस दौरान एक 5 सूत्री ज्ञापन मंडल रेल प्रबंधक के नाम रेल अधीक्षक को सौंपा गया। ज्ञापन में यात्रियों को हो रही मूलभूत सुविधाओं की कमी को तत्काल दूर करने की मांग की गई है।
मुख्य मांगें
- प्लेटफार्मों को जोड़ने के लिए समुचित सुविधा – यात्रियों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने में भारी कठिनाई होती है, जिसके समाधान हेतु फुटओवर ब्रिज या अंडरपास की आवश्यकता बताई गई है।
- बैठने की समुचित व्यवस्था – प्लेटफार्म नंबर 2 पर बड़ी ट्रेनों के आगमन के बावजूद बैठने के लिए पर्याप्त सीटों की व्यवस्था नहीं है, जिससे यात्रियों को धूप व बारिश में खड़े रहना पड़ता है।
- पेयजल और शौचालय की सुविधा – स्टेशन पर शुद्ध पेयजल और स्वच्छ शौचालयों की व्यवस्था की मांग की गई है।
- आरक्षण काउंटर की स्थापना – टिकट बुकिंग की सुविधा नहीं होने के कारण यात्रियों को लंबी दूरी तय कर अन्य स्टेशनों पर जाना पड़ता है।
- हाट बजारे एक्सप्रेस की रूट में बदलाव – इस ट्रेन को सहरसा के बदले सुपौल, सरायगढ़ या ललित ग्राम से चलाने की मांग रखी गई है।
केंद्र सरकार पर साधा निशाना
लक्ष्मण झा ने कहा कि रेल मंत्री और केंद्र सरकार सिर्फ घोषणाओं और बजट के खेल में लगी है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई सुविधा यात्रियों को नहीं मिल रही। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर रेल विभाग जल्द मांगों पर विचार नहीं करता है, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन में शामिल प्रमुख लोग
रनिया देवी, मोहम्मद रहमान, राजेश कुमार, विश्वेश्वर मंडल, मोहम्मद इस्लाम, पप्पू भगत, रूपेश कुमार, शांति देवी, बच्चा देवी, मनोज कुमार, सजन कुमार, कंचन देवी सहित कई स्थानीय नागरिक इस प्रदर्शन में शामिल हुए।


























