न्यूज स्कैन ब्यूरो सुपौल
जिले में नशा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जदिया थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से कुल 2907 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सरथ आर एस के निर्देश पर एक टीम का गठन कर वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एक संदिग्ध कंटेनर वाहन को रोककर तलाशी ली गई। कंटेनर को पूरी तरह सील किया गया था, लेकिन शक होने पर जब कंटेनर को खोला गया, तो उसमें छुपाकर रखी गई विदेशी शराब की भारी खेप बरामद हुई।
एसपी ने बताया कि पूरे कंटेनर से कुल 323 कार्टन में 2907 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान
श्याम सिंह शेखावत, निवासी विराटनगर, लूहकना खुर्द, जयपुर (राजस्थान) और मनीष कुमार, निवासी कुमारखंड, जिला मधेपुरा के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि यह गिरोह पहले भी शराब तस्करी की घटनाओं में शामिल रहा है। आरोपी मनीष कुमार पूर्व में 2022 में भी राघोपुर थाना क्षेत्र में शराब बरामदगी के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस अब इस मामले में बैकवर्ड फारवर्ड लिंकेज ( Backward एवं Forward Linkage ) की जांच कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

































