न्यूज स्कैन ब्यूरो, सीतामढ़ी
जिले के प्रसिद्ध पुनौराधाम में प्रस्तावित भव्य सीता माता मंदिर का शिलान्यास आगामी 8 अगस्त को किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंदिर की आधारशिला रखेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं।
शिलान्यास समारोह से पूर्व बिहार के मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, डीजीपी विनय कुमार और पर्यटन सचिव विशेष हेलीकॉप्टर से सीतामढ़ी पहुंचे। उन्होंने पुनौराधाम परिसर, हेलीपैड, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सहित तमाम तैयारियों का गहन निरीक्षण किया।
मुख्य सचिव ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की भीड़, वीवीआईपी आगमन, और मीडिया कवरेज के मद्देनज़र चाक-चौबंद इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के प्रवेश, निकास और पार्किंग व्यवस्था की भी समीक्षा की।
बताते चलें कि पुनौराधाम को माता सीता की जन्मभूमि के रूप में मान्यता प्राप्त है, और इसे धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से इस भव्य मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है। प्रशासन की मानें तो मंदिर का डिज़ाइन पारंपरिक हिंदू स्थापत्य कला पर आधारित होगा और इसका निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

































