वाहन चेकिंग के दौरान रेल की संपत्ति चोरी के आरोप में दो चोर गिरफ्तार, ₹17,000 की सामग्री बरामद

स्कैन न्यूज ब्यूरो, सहरसा

जिले के सोनबरसा कचहरी थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने रेलवे की अनाधिकृत संपत्ति के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ऑन ड्यूटी प्रधान आरक्षी अमित किशोर की सूचना पर की गई, जिसमें रेलवे की कीमती संपत्ति चोरी कर ले जा रहे दो युवकों को पकड़कर थाना लाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेल सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट सहरसा के प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार ने स्थानीय थाना प्रभारी एवं पुलिस उपाधीक्षक से समन्वय कर टीम के साथ थाना पहुंच कर कार्रवाई को आगे बढ़ाया।

पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सोनबरसा कचहरी स्टेशन यार्ड से रेलवे का नट-बोल्ट, वॉशर, पेंडोल क्लिप आदि चुरा कर एक कबाड़ी को बेचने के उद्देश्य से बरियाही जा रहे थे। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन बाइक पानी में फंसने के कारण दोनों गिर पड़े और पकड़े गए।

इनके पास से बरामद सामग्री में शामिल हैं:

58 नट-बोल्ट

350 वॉशर

07 पेंडोल क्लिप

एक काली रंग की पल्सर मोटरसाइकिल

बरामद की गई रेलवे संपत्ति की अनुमानित कीमत ₹17,000 आंकी गई है। आरोपियों से जब कागजात की मांग की गई तो वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके और अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगने लगे।

मामले की जांच महेश कुमार सिंह को सौंपी गई है। विधिक प्रक्रिया के तहत वयस्क आरोपी को खगड़िया जेल, जबकि नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह, मधेपुरा भेज दिया गया है।