न्यूज स्कैन ब्यूरो, सहरसा
जिले की बख्तियारपुर थाना पुलिस को शराबबंदी कानून के तहत एक बड़ी सफलता मिली है। लगातार चलाए जा रहे गश्ती अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस ने एक सीएनजी ऑटो से 72 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की और मौके से एक शराब कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका एक साथी फरार हो गया है।
घटना बख्तियारपुर थाना क्षेत्र की है, जहां गश्ती के दौरान संदेह होने पर पुलिस ने एक सीएनजी ऑटो को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान ऑटो से बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार युवक की पहचान खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र अंतर्गत केलू यादव के पुत्र गोलू कुमार के रूप में की गई है। वहीं उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
बख्तियारपुर थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में सहरसा भेज दिया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है और शराब तस्करी पर पुलिस की नजर लगातार बनी हुई है।


























