न्यूज स्कैन ब्यूरो,सहरसा
सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के सिटानाबाद दक्षिणी वार्ड संख्या 09 स्थित सार्वजनिक क्रिकेट मैदान पर अवैध कब्जे की कोशिश को लेकर गांव में तनाव का माहौल है। यह मैदान पिछले 50 वर्षों से ग्रामीणों के बच्चों और युवाओं के लिए खेल-कूद का एकमात्र साधन रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि मोहम्मद वसीकुर रहमान, समीदा खातून और मोहम्मद रहमान उर्फ अहमद द्वारा इस भूमि पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस मामले को लेकर सिटानाबाद उत्तरी और दक्षिणी के दर्जनों ग्रामीणों ने बख्तियारपुर थाना पहुंचकर थाना अध्यक्ष अमरनाथ कुमार को लिखित शिकायत सौंपी और त्वरित कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी 27 नवंबर 2023 को इस मामले में पंचायत बैठाई गई थी, जिसमें कागजात की मांग की गई थी। लेकिन आज तक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
ग्रामीणों का साफ कहना है कि यह जमीन पूरी तरह से सार्वजनिक है और अगर प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो बच्चों का भविष्य और गांव की खेल संस्कृति दोनों खतरे में पड़ जाएंगे। थाना अध्यक्ष ने आवेदन मिलने की पुष्टि की है और जांच का भरोसा दिलाया है। इस मौके पर मौजूद ग्रामीण: अनवर, मो. जफर, मो. आबिद रहीम, मसरूर आलम समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।



























