- सहरसा जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना, आरोपी गिरफ्तार
स्कैन न्यूज ब्यूरो, सहरसा
सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल अंतर्गत चिड़ैया थाना क्षेत्र के एक गांव में एक पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की दर्दनाक घटना सामने आई है। इस घिनौनी हरकत ने पूरे इलाके में आक्रोश फैला दिया है।
पीड़िता वर्तमान में सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती है, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, मासूम बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी गांव का ही एक युवक (लगभग 20 वर्ष) उसे बहला-फुसलाकर एक सुनसान स्थान पर ले गया और उसके साथ अमानवीय हरकत की।
घटना के बाद जब बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजनों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद पीड़िता को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और बच्ची का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की जांच जारी है।
इस घटना के बाद गांव में जन आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।


























