मंत्री महेश्वर हजारी ने चिराग पासवान को दी नसीहत, कहा- बयान देने से पहले गठबंधन धर्म निभाएं, अकेले चुनाव लड़ने के लिए भी हैं स्वतंत्र

खगडिया। बिहार के सूचना और जनसंपर्क मंत्री महेश्वर हजारी ने केन्द्रीय मंत्री लोजपा (आर) प्रमुख चिराग पासवान को गठबंधन नियम पालन करने की नसीहत दी है। शुक्रवार को खगड़िया पहुंचे महेश्वर हजारी ने चिराग पासवान से कहा कि वे किसी भी ब्यान को देने से पहले गठबंधन निमय का जरुर पालन करें, ताकि एनडीए में सबकुछ ठीक-ठाक रह सके। दरअसल, महेश्वर हजारी से जब मीडिया ने बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर चिराग पासवान द्वारा दिये गए बयान को लेकर जब सवाल किया तो वे इसको लेकर चिराग पासवान को आड़े हाथों लेते देखे गए। गौरतलब है कि बिहार में बढ़ते आपराधिक वारदात और पटना के व्यवसायी की हत्या के बाद चिराग पासवन ने बिहार की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया था। जिसके बाद बिहार में एनडीए गठबंधन में इसको लेकर नराजगी की बात कही जा रही है। वहीं बिहार में हो रहे हत्या को लेकर भी महेश्वर हजारी ने इसे समाज में होने वाली घटनाएं करार दिया।

नीतीश कुमार के नेतृत्व में बढ़ रहा है बिहार

समाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 1100 रुपये किस्त डीबीटी करने के मौके पर पहुंचे खगड़िया जिला के प्रभारी मंत्री महेश्वर हजारी ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार आगे बढ़ रहा है। 2025 में भी उनके नेतृत्व में ही एनडीए की सरकार बनेगी।

मानव जाति में घटती है ऐसी घटनाएं

बिहार में बढ़ते अपराध एवं हत्या की वारदात को लेकर जब मीडिया ने मंत्री महेश्वर हजारी से सवाल किया तो वे इसके लिए समाज और मानव जाति में ऐसी घटना घटते रहने की बात कह दिया। उन्होंने कहा कि कहीं पारिवारिक द्वंद तो कहीं खेतीबारी और व्यवसाय का द्वंद होता है। जिसके कारण इस तरह की घटना घटती है। हालांकि उन्होंने अपने इस बयान से इतर यह भी कहा कि घटना के बाद प्रशासन एक्टिव होकर सभी को गिरफ्तार भी करता है।

चिराग लड़ सकते हैं सभी सीटों पर चुनाव

अक्सर अपने बयानों से सुर्खियों में रहने वाले बिहार के मंत्री महेश्वर हजारी ने चिराग को अकेले चुनाव लड़ने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि बीते विधानसभा चुनाव में किसने किसके कहने पर क्या किया वो सभी को मालूम है। चिराग हमारे गठबंधन के घटक दल हैं। जिनको गठबंधन का पालन करना चाहिए। ऐसे बयानों से जनता पर असर पड़ता है। वे जनता के बीच मंच पर कुछ बोलते हैं और बाद में कुछ भी बोलते हैं। अगर उनको चुनाव अकेले लड़ना है तो वे स्वतंत्र हैं।