लखीसराय में गंगा, हरुहर और किऊल नदी उफान पर, दियारा की फसलें बर्बाद, गांवों में घुसा बाढ़ का पानी

न्यूज स्कैन ब्यूरो, लखीसराय

जिले में लगातार हो रही बारिश से गंगा, हरुहर और किऊल नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। तीनों नदियों में उफान के कारण निचले इलाकों में बाढ़ का पानी फैलने लगा है, जिससे लोगों में दहशत है। दियारा क्षेत्र की फसलें पानी में डूबकर बर्बाद हो चुकी हैं, जिससे किसानों और पशुपालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पशुचारे की कमी के कारण लोग नाव के सहारे चारा ला रहे हैं।

सूर्यगढ़ा प्रखंड के निस्ता गांव में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। किऊल नदी के किनारे बना तटबंध जर्जर हो चुका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इसे तुरंत मजबूत करने की मांग की है, ताकि गांव सुरक्षित रह सके। वहीं नवाबगंज गांव में बाढ़ का पानी घरों और रास्तों में घुस गया है, जिससे लोगों की आवाजाही मुश्किल हो गई है। कई जगह लोग कमर तक पानी में होकर आने-जाने को मजबूर हैं।

स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। कृषि विभाग प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर किसानों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू करेगा। आपदा प्रबंधन विभाग ने नाव और राहत सामग्री तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।

किसानों का कहना है कि पिछले साल भी ऐसी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई थी और अब हालात फिर से बिगड़ रहे हैं। ग्रामीण प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि जन-धन की हानि को रोका जा सके और बाढ़ से निपटने के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें।