किशनगंज: दुष्कर्म आरोपी खगड़िया से गिरफ्तार, महिला थाना पुलिस की कार्रवाई

न्यूज स्कैन ब्यूरो,किशनगंज

जिले के महिला थाना पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में फरार आरोपी को खगड़िया से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी अभय कुमार यादव, पिता पप्पू यादव, के खिलाफ महिला थाना क्षेत्र की एक युवती ने लगभग एक माह पूर्व दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया था। प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।

जानकारी के अनुसार, आरोपी अभय कुमार यादव ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर मक्का के खेत में दुष्कर्म किया था। घटना के बाद उसने पीड़िता से सारी बातचीत बंद कर दी और अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर लिया। इससे पीड़िता को गहरा आघात पहुंचा और उसने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सागर कुमार ने कड़ा रुख अपनाया और महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम को खगड़िया भेजा गया, जहां से गुप्ता सूचना के आधार पर अभय को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को किशनगंज लाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के बाद तत्काल कार्रवाई शुरू की गई थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर छापेमारी की गई और अंततः खगड़िया में उसे पकड़ लिया गया।।

यह कार्रवाई महिलाओं के खिलाफ अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस की सक्रियता को दर्शाती है। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई की सराहना की है और मांग की है कि दोषी को कड़ी सजा दी जाए। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही कोर्ट में चार्जशीट पेश करने की तैयारी में है।