न्यूज स्कैन ब्यूरो, किशनगंज
किशनगंज जिले के दिघलबैंक थाना क्षेत्र अंतर्गत पोठीमारी गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज 10 साल के बच्चे पर मोबाइल छीनने के लिए जानलेवा हमला किया गया। पीड़ित अनुज कुमार शनिवार की सुबह 11 बजे से लापता था। अगले दिन जब उसे होश आया, तो वह किसी तरह घायल अवस्था में घर पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी।
परिजनों की मानें तो आरोपी ने पहले उसे बुरी तरह पीटा और फिर मिट्टी में दबाकर मारने की कोशिश की। घायल अवस्था में अनुज को तत्काल पूर्णिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया।
पुलिस को सूचना मिलते ही कार्रवाई शुरू की गई। अनुसंधान के दौरान पता चला कि गांव का 16 वर्षीय नाबालिग इस घटना के पीछे था। आरोपी ने अनुज के हाथ में मोबाइल देखकर छीने की नीयत से हमला किया। पुलिस ने नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है।
पोठीमारी गांव निवासी पीड़ित के पिता टुनटुन महतो ने दिघलबैंक थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। थाना अध्यक्ष विपिन कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है।

































