न्यूज स्कैन ब्यूरो, खगड़िया
रालोजपा के नव नियुक्त जिला अध्यक्ष शिवराज यादव एवं पूर्व जिलाध्यक्ष संजय यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष रतन पासवान, रौशन पासवान, एवं सरुण पासवान की मौजूदगी में शिवराज यादव के आवास पर प्रेस वार्ता किया गया। मीडिया को संबोधित करते हुए शिवराज यादव ने कहा कि उन्होंने पार्टी विभाजन के वाद लोजपा (रा) चिराग पासवान के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया था। बदले में पार्टी के नेता ने बिना किसी कारण के उनको तमाम तरह की प्रताड़ना के बाद खगड़िया सांसद राजेश वर्मा की बातो में आकर जलील कर पार्टी से निकालने का काम किया। जिससे आहत होकर उन्होंने राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस पर विश्वास जताते हुए रालोजपा को अपनाया है। जहां उनको पार्टी नेताओं ने उनको प्यार मुहब्बत एवं सम्मान देते हुए जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। शिवराज ने कहा कि वे पूरी निष्ठा के साथ अपने सभी साथियों को साथ लेकर पार्टी संगठन को मजबूत करने का काम करेगे।
पूर्व जिलाध्यक्ष ने जताई खुशी
प्रेस वार्ता के दौरान रालोजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय यादव ने कहा कि उनको खुशी है कि शिवराज यादव जैसे कर्मठ कार्यकर्ता को खगड़िया रालोजपा का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा को जो भी आगे बढाने आएंगे हम उनका स्वागत करेंगे। साथ ही उन्होंने आगे की राजनीतिक भविष्य के लिए शिवराज यादव को शुभकामना भी दिया है।
लोजपा (रा) में कार्यकर्ताओं को सम्मान नहीं
इस मौके पर रालोजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रतन पासवान ने कहा कि लोजपा (रा) में कार्यकर्ताओं का कहीं कोई सम्मान नहीं है। इस पार्टी में लोकतांत्रिक व्यवस्था नहीं है। वहां अपनी जायज बात रखने पर कार्यकर्ताओं को पार्टी से निकाल दिया जाता है। लगातार संघर्ष के दिनो के साथियों को अपमानित किया जाता है। जिन्होंने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी में आए बाहरी लोगों को चुनाव लड़ाया जाता है। जबकि पार्टी के कर्मठ एवं ईमानदार कार्यकर्ता को दरकिनार किया जाता है।