भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का 16वां जिला सम्मेलन आयोजित, कई मुद्दों पर राज्य और केंद्र सरकार पर उठाए गए सवाल

न्यूज स्कैन ब्यूरो (महेशखूंट) खगड़िया

खगड़िया जिले के गोगरी प्रखंड स्थित महेशखूंट में शनिवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का 16वां जिला सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें सर्वप्रथम पूर्व विधायक सह सीपीआई के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सिंह के पुण्य तिथि पर उनके प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के जिला मंत्री प्रभाकर प्रसाद सिंह ने की। कार्यक्रम के दौरान कई नेताओं ने अपना अपना संबोधन दिया। जिसमें केंद्र और बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए कहा गया कि आज देश इन सरकारों के तानाशाही रवैये के साथ साथ भ्रष्टाचार, बेरोजगारी,अफसरशाही से तंग और तबाह हो रहा है। सामाजिक समरसता, सौहार्द समाप्त हो चुका है। अपराध चरम सीमा पार कर चुका है। वक्ताओं ने कहा कि देश और प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा हाशिये पर चली गई है। नौजवानों को रोजगार नहीं मिलने से समाज में अपराध बढ़ रहा है। बिहार के नई पीढी के युवा विभिन्न किस्म के नशे का शिकार हो रहा है। वक्ताओं ने कहा कि कहने को बिहार में शराबबंदी है, लेकिन यहां घर-घर आसानी से शराब बेची जा रही है।

सरकार शिक्षा को कर रही खत्म

कार्यक्रम में कई वक्ताओं ने देश और बिहार की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। कहा कि सरकार प्राथमिक स्तर के शिक्षा को खत्म कर रही है। जिससे कि लोग शिक्षित हो कर सत्ता से सवाल न पूछ सके।जिला सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि हिंदुस्तान में सौ वर्षों की आजादी की लड़ाई में पार्टी के
हजारों सदस्यों ने जेल और काला पानी की सजा भोगा है। हम हमेशा शहीद की अगली कतार में खड़े रहे हैं। गौरतलब है कि मुख्य वक्ता के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मंडल सदस्य नागेंद्र नाथ ओझा, राज्य सचिव राम नरेश पाण्डे, राष्ट्रीय परिषद सदस्य ओम प्रकाश नारायण, राज्य सचिव मंडल सदस्य प्रभाशंकर सिंह, जिला सचिव मंडल सदस्य, सहायक जिला मंत्री रविंद्र यादव, पुनीत मुखिया आदि शामिल हुए।