- गिरफ्तार युवक के ऊपर जबरन मारपीट करने का पुलिस पर लगाया आरोप
न्यूज स्कैन ब्यूरो, कटिहार
कोढ़ा थाना क्षेत्र में पुलिस की कथित बर्बरता का मामला सामने आया है। मोबाइल चोरी के आरोप में गिरफ्तार किए गए एक युवक की थाने में बेरहमी से पिटाई के बाद तबीयत बिगड़ गई। जेल भेजने के बाद युवक की स्थिति गंभीर देख उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल युवक मिथुन कुमार फिलहाल इलाजरत है और न्याय की गुहार लगा रहा है।
मिथुन की बहन नीतू देवी ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाई को बिना सबूत के थाने ले जाकर मारपीट की गई। मिथुन ने अस्पताल में बताया कि वह अपने जीजा की मौत के बाद दीदी के साथ रहकर खेती करता है। 29 जुलाई की रात कोढ़ा थाना के पुलिसकर्मी मन्नू ओझा, विवेक कुमार, और अन्य पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और मोबाइल चोरी के शक में गिरफ्तार कर ले गए। उसका आरोप है कि थाने में लाठी और फाइबर डंडे से पीटा गया। वह रहम की गुहार लगाता रहा, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। पिटाई से उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद जेल से उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया।
इस मामले में राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिलाध्यक्ष उमाकांत आनंद ने घटना को शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि मिथुन के शरीर पर मौजूद चोटों के निशान इस बात की पुष्टि करते हैं कि उसे जानवरों की तरह पीटा गया। उन्होने इस मामले को सोशल मिडीया पर पोस्ट भी किया है। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।