न्यूज़ स्कैन रिपोर्टर, सबौर
भागलपुर में बहन के साथ हो रही छेड़खानी का विरोध करने पर भाई को पड़ोस के रहने वाले युवक ने चाकू घोंपकर घायल कर दिया। घटना, सबौर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर भिटी की है। घायल युवक की पहचान मोहम्मद रेहान उर्फ इमरान (19) के तौर पर हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, घायल मोहम्मद रेहान की बहन दुकान से चूड़ा लेने गई थी। इसी दौरान पड़ोस का युवक मो. जीशान उसके साथ छेड़खानी कर रहा था। जब जीशान ने दुपट्टा खींचा, तो वहीं मौजूद भाई मोहम्मद रेहान ने इसका विरोध किया। इस पर जीशान ने रेहान पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। उसके सिर पर चाकू मारा गया।
- मायागंज में घायल का चल रहा है इलाज
इधर, जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने रेहान को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल मोहम्मद रेहान ने बताया कि सुल्तानपुर भिटी स्थित हवाई दुकान के पास वह खड़ा था। बहन चूड़ा लेने आई थी। जीशान ने उसकी बहन का दुपट्टा खींचा, जिसका उसने विरोध किया, तो आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। पिछले 5 महीने से जीशान उसे परेशान कर रहा है। वह शादीशुदा है और कई बार छेड़खानी का प्रयास कर चुका है। बीती रात भी वह उसके भाई के सामने छेड़खानी कर रहा था। जब भाई ने विरोध किया, तो उस पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। फिलहाल, घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

































