मेला अध्यक्ष की मौत के बाद तीन घंटे सड़क जाम, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, एफएसएल टीम ने की जांच, सीसीटीवी फुटेज में ऑटो से उतरते दिखे मृतक

खगड़िया/गोगरी

बिहार के खगड़िया में गुरुवार को एक व्यक्ति की मौत के बाद जमकर बवाल हुआ। इस दौरान परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए सड़क तीन घंटों तक जाम कर दिया। मृतक की पहचान गोगरी थाना क्षेत्र के नवलकिशोर टोला निवासी सह विषहरी स्थान मेला अध्यक्ष राजकिशोर निषाद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बुधवार की देर शाम वे एक टोटो से यूनियन बैंक के पास उतरे और वहीं गिर पड़े। बाद में उनकी मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह सामान्य मौत नहीं, बल्कि साजिशन हत्या है। जबकि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जप्त किया है। वहीं एफएसएल टीम ने भी जांच की है। पुलिस की माने तो एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

ग्रामीणों ने बताया कि बिषहरी मेला परिसर की जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गोगरी जमालपुर के कुछ लोग इस जमीन को अपनी बता रहे थे। वे जमीन की घेराबंदी करना चाहते थे। जबकि ग्रामीणों का कहना है कि यह जमीन बिषहरी मंदिर की है। राजकिशोर निषाद इस जमीन की रक्षा कर रहे थे। उन्हें कई बार जान से मारने की धमकी भी मिली थी। जिसकी लिखित शिकायत गोगरी थाना और अंचलाधिकारी को दी गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि इन्हीं लोगों ने बुधवार की देर शाम राजकिशोर की हत्या कर दी। जबकि पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया गया।

समझाने पर हटे आक्रोशित ग्रामीण

सड़क जाम कर रहे आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि मृतक मेला अध्यक्ष की हत्या उसी जमीन विवाद में की गई है। इधर जाम की सूचना पर गोगरी एसडीपीओ रमेश कुमार, थानाध्यक्ष अजीत कुमार, अंचलाधिकारी दीपक कुमार और बीडीओ राजाराम पंडित मौके पर पहुंच लोगों को समझाते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा भी दिया। लेकिन लोग नहीं माने। अंत में एफएसएल टीम के आने की सूचना और कुछ बुद्धिजीवियों के समझाने पर जाम को हटाया गया।