तीसरी सोमवारी पर आस्था का उफान, भक्तों ने भोलेनाथ को अर्पित किया गंगाजल

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

सावन की तीसरी सोमवारी के पावन अवसर पर भागलपुर के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह होते ही शहर के बुढ़ानाथ मंदिर, शिवशक्ति मंदिर और अन्य शिवालयों में लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। भक्तों के जयघोष ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।

भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु गंगाजल लेकर मंदिरों की ओर बढ़े। पुरुष, महिलाएं, युवा और बच्चे सभी आस्था और भक्ति में लीन दिखे। लोगों ने घंटों कतार में खड़े रहकर जलाभिषेक किया और अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए पूजा-अर्चना की।

विशेषकर बुढ़ानाथ मंदिर और शिवशक्ति मंदिर में भारी भीड़ देखी गई। स्थानीय प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने पहले से ही श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए थे। मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग की गई थी, जल की व्यवस्था की गई थी और सुरक्षा बलों की भी तैनाती रही।

सुनील कुमार शुक्ला (पुजारी) का कहना है – “हर साल सावन में ऐसी भीड़ आती है, लेकिन इस बार श्रद्धालुओं की संख्या अप्रत्याशित रही। सबने बड़ी श्रद्धा से पूजा की।”

मानस शुक्ला (पंडित, मनोकामना मंदिर) ने बताया कि – “इस सोमवारी पर हजारों श्रद्धालु जल चढ़ाने पहुंचे। भोलेनाथ की कृपा से सब कुछ शांतिपूर्वक और श्रद्धा से संपन्न हुआ।”

सोनम कुमारी (भक्त) ने बताया – “मैं सुबह से लाइन में थी। बाबा का दर्शन कर मन को असीम शांति मिली।”

सुनीता कुमारी (भक्त) ने कहा – “सावन की सोमवारी मेरे लिए विशेष है। बाबा से मैंने अपने परिवार के लिए मंगलकामना की है।”

सावन की तीसरी सोमवारी ने न केवल धार्मिक उल्लास और आस्था को दर्शाया, बल्कि यह जन आस्था का जीवंत प्रमाण भी बना। पूरा भागलपुर सोमवार को भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।