भागलपुर की टीम राज्य स्तरीय अंडर-15 सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने को नालंदा रवाना

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

भागलपुर की 18 सदस्यीय फुटबॉल टीम खेल विभाग एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-15 सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल बालक प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए नालंदा के लिए रवाना हुई।

टीम को शुभकामनाएं देते हुए जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार ने हरी झंडी दिखाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर जिला फुटबॉल संघ के सचिव फारूक आज़म, फैसल खान, असर आलम अच्छू, सतीश चंद्र, नसर आलम, कृष्ण कुमार, सुनील कुमार, इजान मजीद उपस्थित थे।

बता दें कि पिछले 29 जुलाई को सैंडिस कंपाउंड में आयोजित जिला स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी अंडर-15 बालक वर्ग प्रतियोगिता में मुस्लिम इंटर हाई स्कूल विजेता बनकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुई थी।

मुस्लिम हाई स्कूल, भागलपुर की पूरी टीम को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भेजा गया है। टीम में दिवांशु कुमार, पंकज टुडू, सनी कुमार, संदीप कुमार, वरुण कुमार, इंद्रजीत कुमार, सौरभ कुमार 1, सौरभ कुमार 2, अमर कुमार, साजिद आलम, वाजिद आलम, पिंटू कुमार, बामिक खान, अभिजीत कुमार, गोविंद कुमार, अभिषेक कुमार, सुशील कुमार और यजान इलाही शामिल हैं।

टीम मैनेजर कृष्ण कुमार के नेतृत्व में खिलाड़ियों को खेल विभाग, बिहार सरकार द्वारा जर्सी-पैंट, यात्रा व्यय, आवासन एवं भोजन की समुचित व्यवस्था प्रदान की गई है। इन सभी व्यवस्थाओं में जिला प्रशासन, नालंदा का भी सहयोग रहा है।

नालंदा में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की विजेता टीम को 64वीं राष्ट्रीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता (जो बेंगलुरु में आयोजित होगी) में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष यह प्रतियोगिता भागलपुर में आयोजित की गई थी, जिसमें भागलपुर की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया था।

जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार ने बताया कि इस वर्ष भागलपुर की टीम अच्छी तैयारी के साथ गई है। सभी खिलाड़ी आपस में बेहतर तालमेल से खेलते हुए जिला स्तरीय प्रतियोगिता के फाइनल में उच्च विद्यालय पन्नूचक को हराकर विजेता बने थे। हमें न केवल आशा, बल्कि पूरा विश्वास है कि नालंदा में भागलपुर की टीम भी उसी समन्वय और जज़्बे के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगी।