शाहकुंड हादसे में मृतकों के परिजनों को 24 घंटे के भीतर मिला मुआवजा, एसडीओ सदर ने की त्वरित स्वीकृति

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
शाहकुंड में 3 अगस्त की रात हुए दर्दनाक पिकअप वैन हादसे में डूबने से जान गंवाने वाले युवकों के परिजनों को प्रशासन ने राहत पहुंचाने में तत्परता दिखाई है। समाहरणालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भागलपुर सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार ने मृतकों के परिजनों को 24 घंटे के भीतर चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि की स्वीकृति प्रदान की है।

यह हादसा शाहकुंड थाना क्षेत्र के पुरानी खेरही बाजार के पास उस वक्त हुआ, जब पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पानी से भरे गड्ढे में पलट गई थी। इस दुर्घटना में अंकुश कुमार (14), संतोष कुमार (20), मनोज कुमार (26), विक्रम कुमार (20), और रवीश कुमार उर्फ मुन्ना (13) की दर्दनाक मौत हो गई थी।

प्रशासन की तत्परता की सराहना करते हुए स्थानीय लोगों ने बताया कि पीड़ित परिवारों को तुरंत सहायता मिलना राहत की बात है। साथ ही, अन्य सरकारी योजनाओं के तहत लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि मृतकों के परिवारों को और मदद मिल सके।

जिला प्रशासन ने यह भी आश्वासन दिया है कि दुर्घटना के कारणों की जांच कर भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।