तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलटा, श्रद्धालु घायल

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, नारायणपुर

जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत भवानीपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर जहाज घाट के समीप सोमवार की सुबह एक तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। ऑटो में सवार अधिकतर श्रद्धालु सावन सोमवार को पूजा के लिए बाबा ब्रजलेश्वर धाम, मरवा जा रहे थे।

घटना सुबह करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे वाहन चालक संतुलन नहीं बना सका और ऑटो पलट गया।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ऑटो को सीधा किया और घायलों की मदद की।

इस दुर्घटना में खगड़िया जिला अंतर्गत भरतखंड थाना क्षेत्र के मथुरापुर नयावास निवासी श्याम मंडल का 10 वर्षीय पुत्र सरजीत कुमार घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नारायणपुर में भर्ती कराया गया है।

वहीं अन्य आंशिक रूप से घायल श्रद्धालु किसी अन्य वाहन से अपने गंतव्य मरवा स्थित बाबा ब्रजलेश्वर धाम की ओर रवाना हो गए।


मुख्य बिंदु

हादसा मधुरापुर जहाज घाट के समीप हुआ

ऑटो में श्रद्धालु सवार थे, जो पूजा के लिए जा रहे थे

एक 10 वर्षीय बालक घायल, अस्पताल में भर्ती

अन्य श्रद्धालुओं ने यात्रा जारी रखी