न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र अंतर्गत लकड़ाकोल गांव में पुलिस टीम पर हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले पुलिस की एक टीम किसी केस में छापेमारी के लिए गांव गई थी, इसी दौरान ग्रामीणों ने अचानक हमला कर दिया।
इस हमले में दो दरोगा समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
10 आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश
पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। सात महिलाओं और तीन पुरुषों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को रविवार को भागलपुर व्यवहार न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब अन्य फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
कानून व्यवस्था पर सवाल
इस घटना ने न सिर्फ पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था बल्कि कानून व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम नागरिकों द्वारा कानून अपने हाथ में लेना पुलिस प्रशासन के लिए एक चुनौती बनकर सामने आया है।

































