न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
बांका जिला के तारापुर थाना क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक पिंटू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय पिंटू सिंह एक ईंट भट्ठा में ट्रैक्टर चालक के रूप में काम करते हैं। हादसे के वक्त वह काम खत्म कर अपने घर लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि पिंटू सिंह सड़क पर गिर पड़े और उन्हें सिर में गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत तारापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उन्हें हालत गंभीर देखते हुए भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों के अनुसार, पिंटू सिंह के सिर में गहरी चोट है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
परिजनों को हादसे की जानकारी पिंटू सिंह के मोबाइल फोन से दी गई, जिसके बाद वे तुरंत मायागंज अस्पताल पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि पिंटू सिंह परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य हैं और उनकी ऐसी हालत देखकर पूरा परिवार सदमे में है। उन्होंने बेहतर इलाज की मांग की है और प्रशासन से मदद की अपील की है।
घटना को लेकर परिजनों में आक्रोश है। उनका कहना है कि जिस वाहन ने टक्कर मारी, वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस जगह हादसा हुआ, वहां सड़क पर अंधेरा रहता है और कई गड्ढे भी हैं, जिससे ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है।
लोगों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत और स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है।

































