न्यूज़ स्कैन ब्यूरो, भागलपुर
जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र अंतर्गत लकड़ाकोल गांव में शुक्रवार रात एक हैरान कर देने वाली घटना घटी। अपहरण की सूचना पर गांव पहुंचे पुलिसकर्मियों को ग्रामीणों ने अपराधी समझकर घेर लिया, फायरिंग और पथराव कर दिया, जिसमें चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल सब इंस्पेक्टर देवगुरु दुबे को ICU में भर्ती कराया गया है।
घटना तब हुई जब कहलगांव थाने से एक टीम सिविल ड्रेस और निजी वाहन से अपहरण की सूचना पर छापेमारी के लिए गांव पहुंची। ग्रामीणों को पुलिसकर्मी अपराधी लगे, और उन्होंने अचानक फायरिंग व पथराव शुरू कर दिया। सब इंस्पेक्टर देवगुरु को पकड़कर बुरी तरह पीटा गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई है।
सूचना मिलते ही कहलगांव के एसआई शत्रुघ्न कुमार, एनटीपीसी थानाध्यक्ष सुशील कुमार, और डीएसपी कल्याण आनंद मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्हें भी ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा। हालात ऐसे हो गए कि पुलिसकर्मियों को जूते-चप्पल छोड़कर भागना पड़ा।
विवाद की जड़ में चार साल पुराना हाईवा चोरी केस
जानकारी के अनुसार, चार साल पहले हुए एक हाईवा चोरी के मामले में आरोपी विजय भगत शुक्रवार को पीड़ित राजेश यादव के हत्थे चढ़ गया। राजेश ने विजय को गांव लाकर पंचायत की, इसी दौरान विजय ने खुद को अगवा बताकर पुलिस को कॉल कर दिया।
सिविल ड्रेस में पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों ने गिरोह समझ लिया, और फिर झड़प शुरू हो गई। पुलिस ने करीब 9 राउंड फायरिंग की, लेकिन भीड़ पर कोई असर नहीं पड़ा।
मुख्य बिंदु
अपहरण की सूचना पर गांव पहुंची थी पुलिस टीम
सिविल ड्रेस और निजी वाहन देख ग्रामीणों को हुआ शक
फायरिंग और पथराव में 4 पुलिसकर्मी घायल
सब इंस्पेक्टर देवगुरु ICU में भर्ती, हालत नाजुक
18 राउंड तक चली फायरिंग, भीड़ बेअसर रही
हमलावर ग्रामीणों की पहचान कर कार्रवाई में जुटी पुलिस



























