न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर का आठवां दीक्षांत समारोह शनिवार को केंद्रीय ऑडिटोरियम में भव्यता के साथ आयोजित हुआ। समारोह का उद्घाटन बिहार के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति आरिफ मोहम्मद खान ने किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान कीं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
समारोह में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच पर मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान ‘कैंपस टू कम्युनिटी’, ‘विकसित कृषि विकास परियोजना’ और विश्वविद्यालय के वार्षिक प्रतिवेदन जैसी कई महत्वपूर्ण पुस्तकों का विमोचन किया गया। साथ ही, जीआई टैग युक्त भागलपुर के कतरनी चावल की नई पैकेजिंग, नीरा व नीरा पाउडर और ऐप का भी लोकार्पण किया गया।
अनुसंधान और नवाचार:
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि सिंदूर और नीरा पर किए गए शोध किसानों के लिए लाभदायक सिद्ध होंगे। उन्होंने भारत और ब्रिटेन के बीच हुए कृषि करार को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे देश के किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में अवसर मिलेंगे।

































