न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत गोपालपुर थाना क्षेत्र के पंचगछिया गांव में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। शराब के नशे में धुत संजू सिंह ने अपने पड़ोसी परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे मां-बेटी समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मायागंज स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत नाजुक बनी हुई है।
क्या हुआ था घटनास्थल पर
घटना उस समय हुई जब आरोपी संजू सिंह नशे की हालत में अपने घर लौटा। पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने जब उसे टोका और समझाने की कोशिश की, तो संजू आगबबूला हो गया। बताया जा रहा है कि वह पहले से ही बदला लेने की नीयत से बैठा था।
गुस्से में संजू सिंह ने अपने परिजनों — रोपो सिंह, गुन्नी सिंह और अपनी पत्नी के साथ मिलकर पड़ोसी राजन सिंह के परिवार पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
घायलों की स्थिति
इस हमले में सुलेखा देवी, उनकी बेटी कोमल कुमारी, सुनील सिंह, और संजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। डॉक्टरों के अनुसार, कोमल कुमारी को सिर और हाथ में गहरी चोटें हैं। सुलेखा देवी के पेट और पीठ में धारदार हथियार से कई वार किए गए हैं। अन्य दोनों की भी हालत गंभीर बताई जा रही है। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना प्रभारी मिथलेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पीड़ित परिवार के अनुसार यह हमला पूरी तरह से पूर्व नियोजित था और हमलावर पहले से ही हथियार लेकर तैयार थे। पुलिस ने संजू सिंह, रोपो सिंह, गुन्नी सिंह और संजू की पत्नी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।