शंकरपुर दियारा में ठनका गिरने से एक की मौत, तीन घायल, पेड़ के नीचे आराम कर रहे थे चारों

नाथनगर। थाना क्षेत्र के शंकरपुर पंचायत वार्ड संख्या तीन अंतर्गत दियारा इलाके में गुरुवार की दोपहर करीब एक बजे परबल तोड़ने गए चार लोगों पर ठनका गिरने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान इंद्रदेव मंडल (50) के रूप में हुई है।

घटना के संबंध में पूर्व वार्ड सदस्य पंकज मंडल ने बताया कि इंद्रदेव मंडल, उनकी पत्नी किरण देवी, शिवनारायण मंडल और कालो देवी खेत में परबल तोड़ने के बाद दोपहर की धूप से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान तेज आवाज के साथ बिना बारिश के ही पेड़ पर ठनका गिरा, जिसकी चपेट में आने से इंद्रदेव मंडल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि किरण देवी, शिवनारायण मंडल और कालो देवी गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पंसस प्रतिनिधि विकास कुमार उर्फ छोटू व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल नाव के सहारे सभी घायलों एवं मृतक के शव को भागलपुर घाट के किनारे पहुंचाया। वहां से सभी को मायागंज अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने घायलों को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर लिया। वहीं, नाथनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में नाथनगर अंचलाधिकारी रजनीश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होते ही मृतक के आश्रितों को आपदा राहत के तहत मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी।