- महिला कलाकारों में दिखा उत्साह, कला विरासत को सहेजने की पहल
न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
कला संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन, भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आम्रपाली कला प्रशिक्षण केन्द्र में आयोजित मंजूषा चित्रकला कार्यशाला का बुधवार को विशेष सत्र आयोजित हुआ। कार्यशाला की प्रशिक्षिका सुमना ने प्रतिभागी प्रशिक्षुओं को मंजूषा लोक कला की बारीकियों से अवगत कराया।
प्रशिक्षिका द्वारा बॉर्डर लाइन खींचने की तकनीक, रंग भरने की प्रक्रिया और लोक कला में भावबिंदुओं की महत्ता को विस्तार से समझाया गया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षिका के मार्गदर्शन को ध्यानपूर्वक सुना और कलात्मक अभिव्यक्ति में रुचि दिखाई। कार्यशाला में भाग ले रहीं महिला कलाकारों ने बताया कि उन्हें मंजूषा चित्रकला की पारंपरिक शैली को समझने और सीखने का शानदार अवसर मिला है।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन ने कहा कि “कला, संस्कृति, परंपरा और विरासत से जुड़े लोगों की प्रतिभा को संवारने के लिए ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।”
कार्यशाला का अगला सत्र 31 जुलाई को आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध लोक कला विशेषज्ञ उलूपी कुमारी प्रतिभागियों को मंजूषा कला की विशेषताओं एवं पारंपरिक शिल्प के गूढ़ तत्वों की जानकारी देंगी।



























