असरगंज में स्कॉर्पियो और बाइक की भीषण टक्कर, बोल बम जा रहे श्रद्धालु की मौत, एक गंभीर


न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

सावन महीने की धार्मिक आस्था उस वक्त मातम में बदल गई, जब मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र में बोल बम यात्रा के दौरान एक भीषण सड़क हादसा हो गया। स्कॉर्पियो और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर में एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान पूर्णिया जिले के गोपाल ठाकुर के रूप में हुई है, जो जल लेकर बोल बम यात्रा पर निकले थे। घायल श्रद्धालु का नाम राज किशोर कुमार मंडल है, जिन्हें गंभीर हालत में भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया। हादसा इतना जोरदार था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और स्कॉर्पियो के आगे का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।