- भागलपुर में तीन मासूमों की डूबने से मौत, घटना लोदीपुर थाना क्षेत्र के अस्तु गांव की
भागलपुर। नदी में नहाने गए तीन नाबालिग बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना लोदीपुर थाना क्षेत्र के अस्तु गांव की है। मरने वालों की पहचान मोहम्मद शाहनवाज के पुत्र मोहम्मद सद्दाम (9), मोहम्मद अरहान (5) और मोहम्मद अरमान(8) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, चार दोस्त नाडा नदी में नहाने गए थे। इनमें से तीन बच्चों ने नदी में छलांग लगा दी, जबकि चौथा बच्चा लहर देखकर पीछे हट गया। थोड़ी देर बाद तीनों बच्चे डूबने लगे। यह देख चौथा बच्चा दौड़कर घर पहुंचा और परिजनों को सूचना दी। जब तक परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक तीनों बच्चों की डूबने से मौत हो चुकी थी। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों के शव नदी से बाहर निकाले गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद लोदीपुर पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस को लौटना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य, पूर्व मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और सरपंच सहित कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। फिलहाल मृतकों को मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार दफनाने की प्रक्रिया चल रही है।
लोदीपुर थानाध्यक्ष घनश्याम सिंह ने बताया, “बच्चे खेलने के लिए गए थे और इसी दौरान नदी में नहाने लगे। दुर्भाग्यवश, डूबने से तीन मासूमों की मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया है और स्थानीय स्तर पर अंतिम प्रक्रिया की जा रही है।”

































