भागलपुर में युवा अभिव्यक्ति कार्यशाला की शुरुआत, 30 युवा फोटोग्राफर्स होंगे प्रशिक्षित

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय “युवा अभिव्यक्ति कार्यशाला श्रृंखला” की शुरुआत जोरदार ढंग से की गई। इस कार्यशाला के प्रथम चरण में फोटोग्राफी कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन, वरिष्ठ शिक्षाविद् राजीव कांत मिश्रा, वरिष्ठ छायाकार रंजन, शशि शंकर और शैलेन्द्र ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यशाला के लिए 30 युवा फोटोग्राफर चयनित

कार्यशाला में भाग लेने के लिए 57 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 30 किशोर एवं युवा फोटोग्राफर को चयनित किया गया। ये सभी प्रतिभागी तीन दिनों तक गहन प्रशिक्षण में भाग लेंगे।

छायाकार स्वर्गीय अजीत झा को मौन रखकर श्रद्धांजलि

कार्यक्रम की शुरुआत प्रसिद्ध छायाकार स्वर्गीय अजीत झा को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद वरिष्ठ छायाकार रंजन ने फोटोग्राफी के इतिहास, डार्क रूम तकनीक और आधुनिक फोटोग्राफी के परिदृश्य पर व्याख्यान दिया। राजीव कांत मिश्रा ने भागलपुर की फोटोग्राफी संस्कृति पर अपने विचार साझा किए और इस पहल की सराहना की।शैलेन्द्र ने एडवेंचर फोटोग्राफी पर तथा शशि शंकर ने फोटो पत्रकारिता के विविध पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यशाला का विशेष आकर्षण होगा

-5 अगस्त की सुबह 6 बजे से 8 बजे तक भागलपुर रेलवे स्टेशन के पास फोटो वॉक, जिसमें सभी प्रतिभागी स्ट्रीट फोटोग्राफी करेंगे।
-दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक, आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र में फोटो टॉक और समीक्षा सत्र आयोजित होगा। इस दौरान अंकित रंजन फोटोग्राफी के बेसिक्स और फिलॉसफी पर विशेष प्रस्तुति देंगे।