न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
विधानसभा निर्वाचन 2025 को लेकर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत लापरवाही बरतने वाले भागलपुर जिले के कुल 17 बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार द्वारा जारी आदेश के आलोक में 9 बीएलओ को निलंबित किया गया है, वहीं 4 पर विभागीय कार्रवाई और 2 को चयनमुक्त किया गया है।
प्रशासन ने यह कदम उन बीएलओ के खिलाफ उठाया है जिन्होंने पुनरीक्षण कार्यों में ना तो रुचि दिखाई, ना ही पोर्टल पर डेटा अपलोड किया और न ही वरीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन किया। यह कदम निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की दिशा में एक अहम संकेत माना जा रहा है।
बड़ी कार्रवाई की सूची
- सुलतानगंज की रेणु कुमारी और पीरपैंती की अंजनी कुमारी को पुनरीक्षण कार्य में शून्य सहभागिता और आदेश अवहेलना के चलते चयनमुक्त किया गया।
- इंटरस्तरीय भीमराव अंबेडकर विद्यालय की नूतन कुमारी पर FIR दर्ज कराई गई है।
- गोपालपुर, कहलगांव और भागलपुर शहरी क्षेत्र के कई शिक्षकों को पुनरीक्षण कार्य में घोर लापरवाही, आदेश की अवहेलना, मोबाइल बंद रखने, अमर्यादित भाषा और मनमानी रवैये के चलते निलंबित किया गया है।
- कई अन्य बीएलओ पर विभागीय कार्यवाही प्रारंभ की गई है।
इस कार्रवाई को लेकर निर्वाचन महकमे में खलबली मच गई है और माना जा रहा है कि इससे अन्य बीएलओ को चेतावनी मिल सकती है कि निर्वाचन जैसे संवेदनशील कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

































