न्यूज स्कैन ब्यूरो, बांका
जिले के बौसी नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत झपनिया चपोता टोला के समीप शुक्रवार को एक अज्ञात युवक का शव पानी में तैरता हुआ पाया गया। शव रेलवे पटरी के किनारे जमा पानी में पेट के बल पड़ा था। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुधीर कुमार, एसआई शंभू सिंह और राकेश रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शव की स्थिति को देखते हुए अंदेशा है कि दो से तीन दिन पुराना है और संभवतः हत्या कर लाश को ठिकाने लगाया गया हो।
ग्रामीणों के अनुसार, शव की जानकारी उस वक्त मिली जब बच्चे जानवर चरा रहे थे और उन्होंने पानी में तैरता शव देखा। ग्रामीणों की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। हालांकि, मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने मृतक की पहचान नहीं की।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के थानों से लापता व्यक्तियों की सूची मंगाई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।


























