जोगबनी बाजार से लापता युवक का शव मिला, बवाल

न्यूज स्कैन ब्यूरो,अररिया
जिले के जोगबनी नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या खजुरबाड़ी 15 हरिजन कॉलोनी के रहने वाले तीन दिनों से लापता युवक महेश राम पिता जवाहर लाल राम की रविवार को संदिग्ध हालत में शव मिला। रेलवे स्टेशन के किनारे पोखर के पास मिले शव के बाद गुस्साये परिजनों और लोगों ने जोगबनी बाजार में प्रदर्शन किया। मुख्य बाजार में सड़क को जाम कर दिया गया और सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की। प्रदर्शनकारियों ने कई स्थानों पर आगजनी कर आवागमन को पूरी तरह ठप कर दिया। इस दौरान परिजनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। सड़क जाम किए प्रदर्शनकारी हाथों में बांस लाठी लिए हुए थे और एक भी वाहनों को आने जाने नहीं दे रहे थे। इस वजह से नेपाल जाने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। महेश राम जोगबनी मुख्य बाजार स्थित मुस्कान वस्त्रालय में काम करता था और 17 जुलाई के शाम में दुकान से घर के लिए निकला था,लेकिन वह घर नहीं पहुंचा था। परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन करते हुए जोगबनी थाना में भी मौखिक तत्काल जानकारी दी थी। तीन दिनों से लापता महेश राम के शव को आज स्थानीय लोगों ने देखा तो परिजनों को सूचना दी। मौके पर परिजन पहुंचे तो पूरा इलाका दहल उठा। परिजनों ने हत्या कर शव को फेंक देने की आशंका जताई है। सूचना पर जोगबनी थानाध्यक्ष समेत पुलिस अधिकारी और बलों के साथ मुख्य पार्षद प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता रोहित यादव मौके पर अन्य साथियों के साथ पहुंचे और परिजनों को समझाने बुझाने का काफी प्रयास किया लेकिन परिजन हत्यारे की गिरफ्तारी को लेकर अडिग थे।