राजद की ‘माई बहिन योजना’ राबड़ी और मीसा के लिए लूट की स्कीम: भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष

न्यूज स्कैन ब्यूरो, फारबिसगंज (अररिया)


बिहार भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान पार्षद प्रमोद चंद्रवंशी ने राजद की ओर से घोषित ‘माई बहिन योजना’ को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने योजना को महज राबड़ी देवी और मीसा भारती के लिए “लूट की स्कीम” बताया।

सोमवार को फारबिसगंज आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका फूलमालाओं और बुके के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने विपक्ष और विशेषकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि राजद की “माई बहिन योजना” दरअसल ‘माई’ यानी राबड़ी देवी और ‘बहिन’ यानी मीसा भारती के राजनीतिक हितों को साधने का माध्यम है। उन्होंने इसे गरीबों और पिछड़ों के नाम पर लूट की एक नई चाल करार दिया।

मानसून सत्र में विपक्ष का रवैया दुर्भाग्यपूर्ण

भाजपा नेता ने मानसून सत्र को लेकर विपक्ष के रवैये पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने सदन नहीं चलने दिया और लगातार हंगामा कर जनहित के मुद्दों को दरकिनार किया। उन्होंने कहा कि जब-जब चुनाव नजदीक आते हैं, विपक्ष गरीबों को बरगलाने के लिए योजनाएं और वादों का पिटारा खोल देता है, जो कभी ज़मीन पर नहीं उतरते।

भाजपा का संविधान और आरक्षण पर पक्ष

आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा पर लग रहे आरोपों को खारिज करते हुए चंद्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने आरक्षण का दायरा और प्रभाव दोनों बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाने के बाद वहां भी दलितों और पिछड़े वर्गों को आरक्षण का लाभ मिलने लगा है। इसके साथ ही सैनिक स्कूलों में भी आरक्षण की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा बाबा साहेब अंबेडकर द्वारा निर्मित मूल संविधान को मानती है, न कि कोई संशोधित या छेड़छाड़ किया गया संविधान।

घुसपैठ और मतदाता सूची पर भी टिप्पणी

मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के मुद्दे पर बोलते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि भारत कोई धर्मशाला नहीं है जहाँ कोई भी देशविहीन व्यक्ति आकर बस जाए और यहां की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाए। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनकी मंशा कभी इन समस्याओं को हल करने की नहीं रही, वे केवल अराजकता फैलाने में लगे रहते हैं।

लालू-तेजस्वी पर भी साधा निशाना

चंद्रवंशी ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उनके पुत्र तेजस्वी यादव पर समाज को गुमराह करने, सवर्णों के खिलाफ ज़हर फैलाने और संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा नहीं रखने का भी आरोप लगाया।

इन नेताओं की रही उपस्थिति

प्रेस वार्ता में विधायक विद्यासागर उर्फ मंचन केशरी, क्षेत्रीय सह प्रभारी भवेश साल, जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा, जिला प्रभारी विजय शंकर चौधरी, अररिया विधानसभा प्रभारी रजत सिंह, पूर्व मुख्य पार्षद गुंजन सिंह, जिला महामंत्री प्रताप नारायण मंडल, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष चांदनी सिंह, नगर अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद उर्फ मिंटू समेत अनेक भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।