सरकारी नौकरियों में डोमिसाइल लागू करने की मांग को लेकर छात्र-युवा न्याय मार्च, फारबिसगंज में गरजा जनसैलाब

न्यूज स्कैन ब्यूरो, अररिया

बिहार की सरकारी नौकरियों में डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग को लेकर सोमवार को फारबिसगंज की सड़कों पर छात्रों का हुजूम उमड़ पड़ा। युवराज यादव के नेतृत्व में निकाले गए छात्र-युवा न्याय मार्च में हजारों की संख्या में छात्रों ने हिस्सा लिया, जिनके हाथों में तिरंगा झंडा, बैनर और डोमिसाइल के समर्थन में नारे लिखी तख्तियां थीं।

इस प्रदर्शन का संचालन अंजेश गुप्ता ने किया, वहीं पटना से पहुंचे बिहार स्टूडेंट यूनियन के छात्र नेता दिलीप कुमार की मौजूदगी ने आंदोलन को मजबूती दी।

छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि बिहार की सरकारी नौकरियों पर पहला हक बिहारियों का है। 90 प्रतिशत डोमिसाइल नीति लागू होनी चाहिए। वोट दे बिहारी और नौकरी पाए बाहरी – अब नहीं चलेगा!

वहीं, युवराज यादव ने कहा कि झारखंड, तमिलनाडु और आंध्रप्रदेश जैसे कई राज्यों में डोमिसाइल नीति पहले से लागू है, तो फिर बिहार इससे क्यों वंचित है? हम चाहते हैं कि बिहार के युवाओं को उनके अपने राज्य में नौकरी और सम्मान मिले।

गूंजे नारे, बरसी बारिश – नहीं रुकी आवाज

भारी बारिश के बावजूद छात्रों में जोश कम नहीं हुआ। मार्च में शामिल छात्र “डोमिसाइल नहीं तो वोट नहीं”, “हक हमारा – डोमिसाइल हमारा”, “बिहारी को सम्मान चाहिए, बिहार में ही रोजगार चाहिए” जैसे नारों के साथ आगे बढ़ते रहे।

सरकार को सख्त चेतावनी

आंदोलन के मंच से अंजेश गुप्ता ने साफ कहा कि अगर बिहार सरकार जल्द ही सभी विभागों की बहाली में डोमिसाइल नीति लागू नहीं करती, तो यह आंदोलन पूरे राज्य में उग्र रूप लेगा। इस मार्च में गौरव कुमार, राजेश साह, रवि रंजन कुमार, संजीत गुप्ता, सरोज कुमार, अभिषेक गोलू, नौशाद आलम, नसरुद्दीन, मोहित कुमार, राजीव रंजन सहित हजारों छात्र मौजूद थे, जिन्होंने मूसलाधार बारिश के बीच भी एक स्वर में सरकार से डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग की।